पुरी रथ यात्रा में भीड़ से बिगड़े हालात, दो श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
डेस्क न्यूज, स्वतंत्र भारत, पुरी ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान भारी भीड़ के कारण हालात बिगड़ गए। भीड़ के दबाव में दम घुटने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि एक 35 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से जान चली गई। घटना में कई श्रद्धालुओं की तबीयत खराब हुई और कुछ लोग घायल भी हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह भगदड़ की घटना नहीं थी। अधिकारियों के अनुसार, अत्यधिक भीड़ के कारण एक महिला को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में युवक की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।
मृतक युवक की पहचान क्योंझर निवासी अनिल दास के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर मारिचीकोट चौक के पास भारी भीड़ के बीच उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई और वे अचानक गिर पड़े। उन्हें तत्काल पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह घटना उस समय हुई जब भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु ग्रैंड रोड पर मौजूद थे। घटना के बाद अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। ओडिशा के डीजीपी वाई.बी. खुरानिया ने बताया कि रथ यात्रा की सुरक्षा के लिए 19 आईपीएस अधिकारियों सहित करीब 13,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सीआरपीएफ, आरएएफ और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 15 कंपनियां भी विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 473 एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन-जैमर सिस्टम और दो कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिए पूरे बड़ा डंडा और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। वहीं समुद्री सुरक्षा के लिए भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और ओडिशा पुलिस की संयुक्त गश्त भी जारी है।













