भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हुए हैंडशेक विवाद पर चुप्पी तोड़ी। उनका कहना है कि विवाद पर ध्यान देने के बजाय भारत की जीत का जश्न मनाना चाहिए। यह विवाद तब शुरू हुआ जब पाकिस्तान को 7 विकेट से हराने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाया था।
BCCI का करारा जवाब
देवजीत सैकिया ने कहा कि भारत ने शानदार जीत दर्ज की और हमें किसी बाहरी विवाद या विरोधी देश द्वारा फैलाए जा रहे मुद्दों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। हमें अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व करना चाहिए और उम्मीद करनी चाहिए कि टीम इंडिया टूर्नामेंट के अंत तक अपनी जीत की लय बनाए रखे।
क्या था विवाद
14 सितंबर को भारतीय टीम ने पाकिस्तान को केवल 127 रन पर रोकने के बाद 7 विकेट से हराया। मैच से पहले टॉस के समय दोनों कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया था। इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शिकायत भी की थी, हालांकि आईसीसी ने इसे खारिज कर दिया।
मैच खत्म होने के बाद सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे सीधे ड्रेसिंग रूम चले गए और बाकी खिलाड़ियों ने भी पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया।
जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से इस घटना पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भारत सरकार और बीसीसीआई इस मामले में एकमत हैं और टीम का ध्यान केवल खेल पर केंद्रित है।

















